
संवाददाता
कानपुर। 8 जुलाई को दिनदहाड़े डॉक्टर दंपत्ति के घर में घुस कर नकदी समेत लाखों की ज्वैलरी पार करने वाले चार बाल अपचारियों को बाबूपुरवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के जेवरात बरामद किए है। घटना के समय डॉक्टर दंपत्ति क्लीनिक गए हुए थे। घर लौटने के दौरान अलमारियां खुली देख उन्हें घटना की जानकारी हुई।
डीसीपी साउथ ने बताया कि चारो बाल अपचारी पूर्व में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके है।
बाबूपुरवा कालोनी निवासी शिवम मिश्रा और उनकी पत्नी सरोज दांतों के डाक्टर हैं। परिवार में उनके अलावा पिता महेंद्र प्रसाद मिश्रा हैं। महेंद्र ने बताया था कि वह तीन महीने पहले हरदोई स्थित गांव गए थे, घर पर बेटा और बहू थे। 8 जुलाई की सुबह 10 बजे दोनों नौबस्ता के आवास विकास हंसपुरम स्थित क्लीनिक चले गए।
शाम को करीब आठ बजे घर पहुंचे तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियां खुली थीं, जिसमें रखे 7.50 लाख के जेवर और 40 हजार रुपए की नकदी गायब थी। डॉक्टर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि वारदात को अंजाम देते हुए चार बाल अपचारी सीसीटीवी में कैद हुए थे। जिन्हें बाबूपुरवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 चांदी के सिक्के, 8 जोड़ी पायल, भगवान गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां, 3 हार, एक मांग बेंदी, 2 अंगूठी, 2 जोड़ी कंगन, 3 जंजीर, 2 जोड़ी झुमकी समेत अन्य जेवरात बरामद किए है।






