July 10, 2025

—जनता दर्शन में 435 किलोमीटर का सफर तय कर बागपत से कानपुर पहुँचा फरियादी।

संवाददाता

कानपुर। सोमवार को जनता दर्शन में एक रोचक प्रसंग उस समय सामने आया, जब जनपद बागपत की तहसील बड़ौत के एक छोटे से गाँव से आए राजकुमार ने कहा कि विश्वास की डोर मुझे बागपत से कानपुर तक ले आई। आप से ही समाधान की उम्मीद है।

राजकुमार करीब छह महीने पहले बागपत में तत्कालीन जिलाधिकारी  जितेन्द्र प्रताप सिंह से मिले थे, जहाँ उन्होंने उनकी समस्या को गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए थे। लेकिन समाधान से पहले ही डीएम का स्थानांतरण जनपद कानपुर नगर हो गया। इसके बाद भी राजकुमार को भरोसा था कि जो अफसर उनकी बात को इतनी संजीदगी से सुन सकता है, वह कहीं भी रहेगा, मदद जरूर करेगा। उसी विश्वास के सहारे उन्होंने 435 किलोमीटर का सफर तय किया और सोमवार को कानपुर के जनता दर्शन में पहुँचे।

यहाँ भी जिलाधिकारी ने पहले की ही तरह उनकी बात गंभीरता से सुनी और बागपत के संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता की तथा शीघ्र समाधान हेतु अनुरोध किया। इसके बाद उन्होंने राजकुमार को जलपान कराया और रेलवे स्टेशन तक पहुँचाने के लिए सरकारी वाहन की भी व्यवस्था की ।

राजकुमार को डीएम साहब के निर्णयों और संवेदनशीलता पर पूरा विश्वास था। इसी विश्वास के सहारे वे कानपुर पहुंचे। यहां भी डीएम पूर्व की तरह गंभीरता से सुना और समस्या के समाधान के लिए आश्वस्त किया।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता दर्शन के माध्यम से आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान किया जा रहा है।