July 10, 2025

संवाददाता
कानपुर।
स्वास्थ्य विभाग ने मानसून के दौरान बढ़ने वाली बीमारियों से बचाव के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की है। एक जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले इस संचारी रोग नियंत्रण अभियान में कई विभाग शामिल होंगे।

पंचायती राज विभाग के तहत गांवों के प्रधान नोडल अधिकारी के रूप में काम करेंगे। वे नालियों की सफाई का काम सुनिश्चित करेंगे। खराब हैंडपंप की मरम्मत और चबूतरों का दुरुस्तीकरण कराया जाएगा। उथले हैंडपंप पर लाल रंग से निशान लगाकर उनके प्रयोग को रोका जाएगा। मनरेगा फंड से एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाएगा।
11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलेगा। इस दौरान आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ती घर-घर जाकर लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के बारे में जागरूक करेंगी। स्कूली बच्चों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और स्वच्छता के बारे में बताया जाएगा।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजीत कुमार यादव के अनुसार, बारिश के बाद मच्छरों के पनपने से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इससे बुखार से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ता है। इसलिए शासन ने सरसौल ब्लॉक में व्यापक स्तर पर यह अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
इस अभियान का चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक स्तरीय नोडल अधिकारी संचालन करेंगे। इस माह में विशेष रूप से सफाई व्यवस्था पर ध्यान दिया जाएगा। 

Related News