
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर क्षेत्र में एक विमान कम ऊंचाई पर उड़ते हुए दिखाई दिया। यह विमान कन्नौज से कानपुर की तरफ जा रहा था। रात करीब 10:15 बजे खराब मौसम के बीच इस बेहद नीचे से गुजर रहे विमान को देखा गया।
अंधेरी रात में विमान की लाइटों की रोशनी साफ दिखाई दे रही थी। विमान को देखने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों ने इस घटना की पुष्टि की।
क्षेत्रीय निवासी अजय कांत वाजपेई ने एक वीडियो भी बनाया है। वीडियो में एक लाइट के अलावा कुछ नहीं दिख रहा था। कुछ लोगों ने कहा कि खराब मौसम के कारण विमान की कानपुर में आपात लैंडिंग हो सकती है। कुछ ने रूट डायवर्जन की संभावना जताई। कुछ लोगों का कहना था कि यह मौसम की जानकारी लेने वाला ड्रोन हो सकता है। हालांकि, इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।