March 3, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
शहर के क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर टिप्स देने के लिए इंडिया टीम के पूर्व क्रिकेटर पियूष चावला कानपुर के टीएसएच में आएंगे। आर्य नगर के द स्पोर्ट्स हब की ओर से आयोजित सात दिवसीय समर क्रिकेट कैंप में वो खिलाड़ियों को बेहतर निखारने का काम करेंगे। ये कैंप 19 से 25 जून तक चलेगा।
प्रशिक्षण कैंप की जानकारी देते हुए मुख्य क्रिकेट कोच शशिकांत खांडेकर ने बताया कि पीयूष चावला उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं, जो टी 20 वर्ल्ड कप 2007 और वनडे वर्ल्ड कप 2011 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं।
उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंटों में वर्षों का अनुभव है, जिसमें उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, किंग्स इलेवन पंजाब और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए कई यादगार प्रदर्शन किए।
प्रशिक्षण कैंप में पियूष चावला, टीएसएच के मुख्य क्रिकेट कोच शशिकांत खांडेकर और पूर्व रणजी ट्राफी प्लेयर मो. आमिर कैंप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को तराशेगें।
इस कैंप की सबसे खास बात यह है कि 75 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों को निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये बच्चे सुबह के सत्र में भाग लेंगे, जहां उन्हें पीयूष चावला के साथ प्रत्यक्ष अभ्यास करने और उनकी विशेषज्ञता से लाभान्वित होने का मौका मिलेगा।
आयोजक आरके सिंह ने बताया कि शाम के सत्र में द स्पोर्ट्स हब के रजिस्टर्ड मेंबर्स को विशेष कोचिंग दी जाएगी, जो उन्हें अपने कौशल को और निखारने का अवसर देगा। यह कार्यक्रम न केवल उनकी खेल क्षमताओं को बेहतर बनाएगा, बल्कि उनमें अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास जैसे जीवन के जरूरी गुण भी विकसित करेगा।