
संवाददाता
कानपुर। एक युवक पर दबंगों ने हमला कर लिया। दबंग अपनी कार में विधायक का स्टीकर लगाए थे। आरोपी युवक को पूर्व में लिखाए गए केस को वापस कराने की धमकी दे रहे थे। पीड़ित युवक ने हनुमंत विहार थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक मामले में जांच कराई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
योगेन्द्र विहार खाड़ेपुर नई बस्ती निवासी विजय सिंह के मुताबिक वो अपनी मौसी के यहां अर्रा जा रहा था। रास्ते में काली थार गाड़ी में मौजूद युवराज सिंह, अजय उर्फ लुक्का, शिवम सिंह, गोविन्द, मोनू ठेकेदार और आशीष सिंह भदौरिया निवासी गांव फतेहपुर ने उसे रोक लिया।
विजय के मुताबिक आरोपियों ने अपनी गाड़ी में फर्जी विधायक का स्टीकर लगा रखा था। साथ में एक काली एक्सयूवी 500 भी थी जिसमें मयंक भदौरिया व 5 अज्ञात मौजूद थे। विजय के मुताबिक अज्ञात दबंग व्यक्तियों ने उसे घेरा व उसकी बुलेट गाड़ी की चाभी निकालकर फेक दिया।
इसके बाद पीड़ित को लात-घूंसे से मारने लगे एवं कहा कि तुमने जो बर्रा थाने में हम लोगो के खिलाफ मुकदमा लिखवाया है उसे वापस ले लो नहीं तो तुम्हे व तुम्हारे परिवार को जान से मार डालेंगे। आरोपियों ने इसके बाद पीड़ित को गालियां दी और उसकी मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उसका चश्मा तक तोड़ दिया। विजय के मुताबिक आरोपी अपराधी है और इन पर पहले से कई मामले दर्ज है।
एसओ हनुमंत विहार उदय प्रताप सिंह के मुताबिक मामले में 13 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही प्रकरण की जांच भी हो रही है। जल्द आरोपियों को खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






