February 14, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
कल्याणपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी ने फांसी लगा कर जान दे दी। काम से लौटे पिता ने शव फंदे से लटकता देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
मूलरूप से कानपुर देहात के रामपुर गांव निवासी रामनरेश मजदूरी करते हैं। उनके परिवार में पत्नी ममता व चार बच्चे हैं। रामनरेश ने बताया कि वह करीब 15 दिन पहले कल्याणपुर के गूबा गार्डन में किराए का मकान लेकर रहने आए थे।
रामनरेश ने बताया कि उनकी पत्नी बेटी अनामिका, शालू व बेटे रौनक के साथ गांव में थी। जबकि प्रिंसी उनके साथ रह कर इलाके के ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। सुबह 6 बजे वह काम पर जाने के लिए घर से निकले थे। रात 8 बजे वह लौटे तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाया।
दरवाजा न खुलने पर उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो प्रिंसी का शव फंदे से लटक रहा था। पिता की सूचना पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची। 

कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। 

Related News