November 14, 2025

संवाददाता
कानपुर। 
बिल्हौर में चोरों ने एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाया। माखनपुरवा और तरउपुरवा गांव में हुई इन वारदातो में चोर छत के रास्ते घरों में घुसे। उन्होंने करीब 2 लाख रुपए नकद और कीमती जेवरात चुरा लिए।
माखनपुरवा में किसान सुनील कुमार के घर से चोर 10 हजार रुपए नकद और सोने के जेवरात ले गए। इनमें हार, झाला, बाला, पायल, जंजीर, अंगूठी, बाली, नाक की कील, लाकेट और एक मोबाइल शामिल है।
इसी गांव में रामचंद्र के घर से चोरों ने 7 हजार रुपए और सोने के जेवर चुराए। चोरों ने अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर हार, चैन, अंगूठी, झाला, टाप्स, तोड़िया और बिछुआ पार कर दिया।

गाँव के रजोल राठौर के घर से चोर 30 हजार रुपए नकद और जेवरात लेकर भाग गए। चोरों ने दीवार फांदकर उनके भाई नरेंद्र राठौड़ के घर में भी सेंध लगाई। वहां से 50 हजार रुपए नकद और जेवरात चुरा लिए।
तरउपुरवा गांव में किसान और आढ़ती राजू यादव के घर से चोरों ने एक लाख रुपए नकद के साथ चेन, अंगूठी, झाला, पायल, तोड़िया, बिछुआ और मंगलसूत्र चुरा लिए।
सभी वारदात रात में हुईं, जब परिवार के सदस्य घर के अंदर या बाहर सो रहे थे। सुबह जागने पर लोगों को चोरी का पता चला। 

सूचना पर एसीपी अमरनाथ यादव और थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने मौका मुआयना किया।

चोर सभी घरों में छत के रास्ते घुसे और बड़ी सफाई से सभी घरों में चोरी करके फरार हो गए। बक्से व अलमारी के ताले तोड़ते रहे पर किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह जागने पर घरों में सामान बिखरा देखकर लोगों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों की माने इन गांवों में इस तरह की घटना पहली बार हुई है। ज्यादातर परिवार घरों के बाहर सोते हैं। जिससे घरों के बाहर रखा सामान भी सुरक्षित बना रहता है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।