
संवाददाता
कानपुर। मकान को बेचने के चक्कर में सास ने अपने पड़ोसियों और बेटी के साथ मिलकर बहू को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा। इस पिटाई का वीडियो सामने आया है। मारपीट के दौरान आरोपियों ने महिला के सड़क पर कपड़े तक फाड़ दिए। पीड़िता की तहरीर पर काकादेव पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। इंस्पेक्टर मनोज भदौरिया के मुताबिक मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विजय नगर निवासी रीता शर्मा के मुताबिक वो घर पर खाना बना रही थी। इसी दौरान उनकी सास कमला शर्मा, अभिनय विश्वकर्मा व अवधेश वीर बहादुर सिंह, सरोजवीर बहादुर सिंह, प्रिती वीर बहादुर सिंह, डब्बू सिंह, विनायक सिंह, मधुरी शर्मा, अनील शर्मा, गुंजा शर्मा घर पर पहुंच गए और रीता को घेर लिया।
आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसे सड़क पर घसीटकर पीटना शुरू कर दिया। इलाकाई लोगों ने इस मारपीट का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
इंस्पेक्टर काकादेव मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि यह घरेलू कलह मकान बेचने के चक्कर में हुई थी। पीड़िता की सास मकान बेचने का दबाव बना रही थी। वहीं पीड़िता मकान बेचने को तैयार नहीं थी। इसपर सास ने एक पड़ोसी परिवार को अपने साथ मिलाया और घटना कर दी।
इंस्पेक्टर के मुताबिक मामले में रीता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भी भेजा गया है। मामले में ठीक से विवेचना कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






