—सारे काम दे दिए गए एक ही फर्म को।

आ स. संवाददाता
कानपुर। बिना टेंडर हुए और बिना क्षेत्रीय पार्षद को जानकारी दिए पार्कों का विकास कार्य करा दिए गए। इस पर वार्ड- 65 से नौबस्ता पश्चिम के पार्षद योगेंद्र शर्मा ने विकास कार्यों में धांधली व भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने नगर आयुक्त सुधीर कुमार से शिकायत भी की है। उनकी शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है।
पार्षद के मुताबिक वार्ड – 65 में 2023-24 व 2024-25 में प्रोजेक्ट सेल से करीब छह पार्कों को विकसित कर दिया गया। इसमें पार्कों में बाउंड्री वॉल में रेलिंग, पेंटिंग, बेंच, झूले आदि लगाने का कार्य किया गया। सभी कार्य एक ही फर्म ओम शिव कंस्ट्रक्शन को दे दिए गए।
कार्यों का न तो कोई एस्टीमेट बनाया गया और न ही यह पता चला कि यह कार्य कितनी लागत के थे और इसमें कितनी राशि खर्च होगी। इन कामों की गुणवत्ता की जांच भी किसी अधिकारी ने नहीं की है और न ही भुगतान के समय उनसे कोई पत्र लिया गया।
पार्षद ने आरोप लगाते हुए बताया कि कार्यकारिणी की बैठक में यह नियम बनाया गया था, कि शिलान्यास के शिलापट की फोटो लगे बिना किसी भी फाइल का भुगतान नहीं होगा।
वार्ड में हुए सभी कार्यों में आज तक कोई भी शिलापट नहीं लगा है, फिर भी भुगतान विभाग ने कर दिया। पार्षद ने कार्यों की थर्ड पार्टी से समुचित जांच करा कर कार्रवाई करने की मांग की है।






