August 3, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
गठिया की गंभीर समस्या पर मरीजों को अब ऑपरेशन कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि एक छोटे से चीरे में ही उनकी गठिया की समस्या को दूर कर दिया जाएगा। कानपुर मेडिकल कॉलेज के हैलट अस्पताल में आर्थो विभाग में प्रॉक्सिमल फिबुलर आस्टियोटॉमी विधि का प्रयोग कर गठिया की बीमारी का उपचार किया जा रहा है।
बढ़ती उम्र के साथ शरीर में हड्डी की भी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। खासकर गठिया की समस्या सबसे अधिक देखने को मिलती है। ये समस्या इंसान को असहनीय दर्द देती है और चलने फिरने के लिए भी मोहताज कर देती हैं। इसका इलाज आपरेशन करके नी ट्रांसप्लांट ही होता है।
लेकिन अब नी ट्रांसप्लांट की जगह पीएफओ एक अच्छी और सफल विधि आ गई है। इसमें मरीजों को ज्यादा दिक्कत नहीं होगी और मरीजों को दर्द से भी निजात मिलेगी।
हैलट के आर्थों विभाग के डॉ. फहीम अंसारी ने बताया कि नई-नई तकनीक से रोगियों का इलाज यहां पर किया जा रहा है। इसमें पीएफओ एक ऐसी विधि है। जिसमें हड्डी को रिपेयर करके ठीक किया जाता है। इसके बाद फिजियोथेरेपी देने से रोगी आसानी से चलने लगता है। आमतौर पर एक उम्र के बाद घुटने जवाब देने लगते हैं। उठते-बैठते समय असहनीय दर्द के चलते ऑपरेशन कराना मजबूरी बन जाता है।
लाखों रुपए की रकम खर्च करने के बाद भी ऑपरेशन के  कई दिनों बाद तक चलने-फिरने में परहेज करना पड़ता था। ऐसे मरीजों में जब इंसान चलता है तब पीछे की बोन में अधिक भार पड़ता है। जिस कारण असहनीय दर्द होता है। रोगी की टांगे मुड़ने भी लगती है। 

वहीं, अब नई पीएफओ विधि से घुटने का ऐसा ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया जा रहा है। इसमें इलाज के दो से तीन दिन बाद मरीज चलने-फिरने के लायक हो जाता है।
डॉ. फहीम अंसारी ने बताया कि इस विधि का प्रयोग एक साल के अंदर दो दर्जन से अधिक मरीजों पर किया जा चुका है, जो पूरी तरह से सफल रहा हैं। 
उन्होंने बताया कि पीएफओ विधि में घुटने में लंबा चीरा लगाने की जरूरत नहीं पड़ती है और न ही ज्यादा खून बहता है। न ही प्रभावित अंग के अंदर या बाहर कोई आर्टिफिशियल अंग प्रत्यारोपित किया जाता है। इस विधि में घुटनों के नीचे टांग में फिबुला नाम की एक हड्डी होती है। इसे दो सेंटीमीटर काट दिया जाता है।
इस प्रक्रिया में महज आधा घंटा लगता है। इस आपरेशन से लिगामेंट और बोन को ठीक किया जाता है। आपरेशन के बाद प्लाज्मा व पीआरपी थेरेपी कराने से रोगी ठीक हो जाता है। 

Related News