
आ स. संवाददाता
कानपुर। आंधी के चलते कोपरगंज स्थित ड्रम मार्केट के पास बने एक गोदाम की दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। जिसकी चपेट में वहां बनीं दो झोपड़ियां में रहने वाले दो परिवार दब गए। चीख पुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने हादसे में घायल छह लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कांशीराम ट्रामा सेंटर भेजा, जहां एक वृद्ध की मौत हो गई। जबकि पांच घायलों का हैलट अस्पताल में इलाज कराया गया।
कोपरगंज रेलवे कॉलोनी के पास गुड्डू गुप्ता का ड्रम का गोदाम है। उनके गोदाम के पीछे मैदान में अर्जुन कुमार और कविता का परिवार झोपड़ी डालकर रहता है। पड़ोसी राजेंद्र कुमार ने बताया कि रात में आंधी आ रही थी। तभी गुड्डू के गोदाम की दीवार भरभरा कर झोपड़ियों पर गिर पड़ी।
इस हादसे में अर्जुन उनकी पत्नी शांति देवी, पड़ोसी कविता उनका बेटा प्रिंस, हरिओम और बेटी प्रियंका दीवार के मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जिसके बाद घायलों को बाहर निकाला गया।
इलाज के दौरान वृद्ध अर्जुन की मौत हो गई। वहीं घायल कविता, प्रिंस, प्रियंका, हरिओम और शांति देवी को हैलट अस्पताल रेफर किया।
कलक्टरगंज थाना प्रभारी ने बताया कि देर रात आंधी आने की वजह से दीवार गिरी थी। हादसे में एक वृद्ध की मौत हुई है। जबकि पांच लोग घायल है। पीड़ित परिवार से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।