July 31, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर अपनी एजूकेशन को लेकर नए आयाम छू रहा है तो वहीं खेलों में भी पीछे नहीं है। पिछले वर्ष आयोजित खेलो इंडिया में कानपुर विश्वविद्यालय के मात्र 5 छात्रों का चयन हुआ था। इस बार रिकॉर्ड 31 छात्र-छात्राओं का चयन अभी तक खेलो इंडिया के लिए हो चुका है।
पिछले साल विश्वविद्यालय की तरफ से प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों ने कानपुर की झोली में 3 पदक डाले थे। इसमें स्वर्ण पदक, रजत पदक और एक कांस्य पदक शामिल थे। इस बार प्रशिक्षकों ने उम्मीद जताई है कि कम से कम 10 पदक कानपुर विश्वविद्यालय के नाम अवश्य  आएंगे। हालांकि अभी खेलो इंडिया की तिथि घोषित नहीं की गई हैं, लेकिन बताते चले कि कानपुर विश्वविद्यालय के 2 खिलाड़ी एथलेटिक्स, 2 खिलाड़ी बॉक्सिंग, 2 खिलाड़ी कुश्ती, 2 खिलाड़ी वेटलिफ्टिंग, 1 खिलाड़ी योगा और 22 खिलाड़ी फुटबॉल के लिए चयनित किए गए हैं।
कानपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि एक अच्छा माहौल बनाने की बात होती है, चाहे पढ़ाई के लिए हो या फिर खेल कि लिए। हमने विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को वैसा ही एक माहौल देने का प्रयास किया है।
उन्हें अच्छी कोचिंग, अच्छा वातावरण, अच्छा आहार देना हमारी प्राथमिकता है। शायद ये ही कारण है कि हमारे खिलाड़ी नए आयाम छू रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हमारा प्रयास है कि इस विश्वविद्यालय में अच्छे खिलाड़ी आए। इसके लिए हमने 100 से अधिक होनहार खिलाड़ियों को निशुल्क प्रवेश दिया है। उनकी पढ़ाई, कोचिंग, खाने-पीने की निशुल्क व्यवस्था कराई गई हैं।
प्रो. पाठक ने कहा कि इस संस्थान में खिलाड़ियों की सुविधाओं को देखते हुए उनके लिए 24 करोड़ रुपए का स्टेडियम तैयार किया जा रहा है। इस स्टेडियम में कई खेलों का अभ्यास एक साथ हो सकेगा। इसके अलावा हम जल्द ही प्राइवेट कोचिंग भी खोलने जा रहे है। इसमें खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर उन्हें राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जाएगा।