April 19, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  बिल्हौर में एक दरोगा और उसके भतीजों ने मिलकर एक किसान से जबरन जमीन हड़पने का प्रयास किया। पीड़ित श्यामसुंदर की उत्तरी गांव में कीमती जमीन थी। उनके भांजे अभिषेक और सुखवेंद्र पहले से इस जमीन पर नजर गड़ाए हुए थे।
भांजों ने अपने चाचा रविन्द्र सिंह, जो चंडीगढ़ पुलिस में दरोगा हैं और उसके साले हरिनाम सिंह की मदद से श्यामसुंदर को बंधक बना लिया। खाकी वर्दी का रौब दिखाकर और गोली चलाने की धमकी देकर गांव वालों को भी पीछे हटा दिया।
आरोपियों ने श्यामसुंदर की जमीन का 23.75 लाख रुपये में ललिता पाल के नाम जबरन बैनामा करवा दिया। 13 लाख का चेक दिया और बाकी नकद दिए। सुखवेंद्र ने किसान के साथ जॉइंट अकाउंट खुलवाया और चेक की राशि अपने भाई के खाते में ट्रांसफर कर ली।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने श्यामसुंदर को शराब में जहर देकर मारने की कोशिश की। उनकी बहन की सतर्कता से उनकी जान बच गई। पुलिस के आने पर आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू में शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। राज्य मंत्री और कन्नौज विधायक असीम अरुण के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज के अनुसार, मामले में दरोगा सहित चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।