
आ स. संवाददाता
कानपुर। गर्मी का अहसास अब अच्छा-खासा तेज होने लगा है। कल का दिन मार्च में सबसे गर्म दिन रहा। तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक 35.4 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण अब भी आंधी-पानी की संभावना बनी हुई हैं।
शनिवार को अधिकतम पारा 34 डिग्री था जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक था। रविवार को पारा बढ़कर 35.4 डिग्री हो गया। न्यूनतम पारा शुक्रवार को 17.4 डिग्री था, जो शनिवार को 17.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक था।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिन राहत भरे हो सकते हैं। इसके बाद लोगों को गर्मी की मार झेलने के लिए तैयार रहना होगा। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कानपुर तक पड़ रहा है।
हवा की गति भी बेहद कम रही। हवा की औसत गति मात्र 2.1 किमी प्रति घंटे रही। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते मैदानों में हवा की रफ्तार थम सी गई। अब भी पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी जारी है। अगले 48 घंटों में इसका असर मैदानी इलाकों में देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण अब तूफानी हवाएं चल सकती हैं। कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। कानपुर मंडल के आसपास तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। इसका असर दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अधिक होगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी है। इसमें उतार-चढ़ाव अधिक दिख रहा है। कानपुर भी इससे प्रभावित होने की संभावना है। अगले 48 घंटों में कभी भी शहर का मौसम करवट ले सकता है।
लेकिन तापमान लगातार चढ़ रहे हैं, जिससे फिलहाल राहत की संभावना कम ही है।