March 13, 2025

आ स. संवाददाता 

कानपुर। बागवानी, कृषि और पौधों के पालन करने में प्रयोग में लायी जाने वाली जैव उर्वरक यानी जीवाणु खाद प्लंटिंग के लिए बेहद लाभकारी है। इससे पर्यावरण को होने वाले लाभ एवं कृषि संबंधी समस्याओं व उनके निस्तारण की जानकारी छात्रों तक पहुंचाने के लिए बड़ा चौराहा स्थित क्राइस्ट चर्च कॉलेज में कानपुर की केमिकल सोसाइटी द्वारा बुधवार को मार्च को एक विशिष्ट कार्यक्रम जैव उर्वरक का आयोजन किया। 

कार्यक्रम की शुरुआत अंग्रेजी विभाग के संकाय सदस्य जोशुआ लॉरेंस की अगुवाई में दीप प्रज्ज्वलन व प्रार्थना के साथ हुई। साथ ही मुख्य अतिथि का स्वागत मोमेंटो प्रदान कर तथा शॉल पहना कर किया गया। कार्यक्रम के विषय की जानकारी रासायनिक विभागाध्यक्ष ज्योत्सना लाल ने दी। जिसके पश्चात जैव उर्वरक की जानकारी पर एक शॉर्ट फिल्म दिखाई गई। जिसमें जैव उर्वरक से होने वाले लाभ की विस्तृत जानकारी छात्रों को दी गयी।

समारोह मे कानपुर केमिकल सोसाइटी द्वारा बीएससी एवं एमएससी के सभी छात्रों के लिए एक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमे छात्रों ने बढ चढ़कर हिस्सा लिया। साथ ही परीक्षा के परिणाम स्वरूप विजेता छात्रों को सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए अंजलि सचान ने जैव उर्वरक पर पावरप्वाइंट के जरिये प्रस्तुति दी। जिसमें विभिन्न प्रकार के जैव उर्वरक की जानकारी निहित थी। कार्यक्रम का संयोजन रसायन विभाग की प्रमुख अनिंदिता भट्टाचार्य द्वारा किया गया।

मुख्य वक्ता राज कुमार श्रीवास्तव, शिव शक्ति एग्रो लि. के महाप्रबंधक ने छात्रों को कृषि उद्योग सम्बन्धी जानकारी प्रदान की तथा बताया कि छात्र छात्राएं कृषि उद्योग में भी अपना भविष्य बना सकते है। कार्यक्रम का संचालन ऐश्वर्या सिंह ने किया।

कार्यक्रम में अवनीश, सुभाष, शिव, महमूद, अरीबा, प्राची आदि छात्रों का विशेष योगदान रहा।