March 10, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
महिला दिवस के मौके पर आजाद नगर स्थित गुरुकुल दीर्घा में महिला चित्रकारों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें डीएवी, सेन और कानपुर विद्या मंदिर डिग्री कॉलेज की अध्यापिकाओं ने हिस्सा लिया। आयोजन में एक्रेलिक, नाइफ पेंटिंग, ऑयल पेंट, वॉश, पेंसिल कलर की 35 पेंटिंग्स के प्रदर्शन ने लोगों का मन मोह लिया।
इस प्रदर्शनी का शुभारंभ महिला चित्रकार प्रो. इंदिरा पांडेय ने दीप प्रज्जवलित कर किया। डीएवी कॉलेज की रिटायर्ड प्रो. पूर्णिमा तिवारी ने पेंटिंग के माध्यम से युवतियों के मन के अंदर उल्लसित होने वाले भावों को प्रदर्शित किया। वहीं गुरुकुल दीर्घा की वीणा अवस्थी ने रागों पर आधारित पेंटिंग्स का प्रदर्शन किया।
राग भीम पलासी, राग मुल्तानी और राग बंसत पर आधारित पेटिंग लोगों को खूब पसंद आई। इसके साथ ही प्रो. चंद्रा श्रीवास्तव, सरला सिंह, प्रेमकुमारी श्रीवास्तव, डॉ. प्रेम कुमारी मिश्रा, प्रो. कुमुद बाला, डॉ. दीपा पाठक, डॉ. रुपम मिश्र, निशि वर्मा, अंजुम हारुन, नीतू साहू, अर्चना वर्मा, डॉ. अमिता शुक्ला की बनाई गई पेंटिंग्स भी लोगों को खूब भायी।