March 11, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
फतेहपुर जनपद की सीमा के पास स्थित मुसाफा गांव के प्राचीन श्री बूढ़ेनाथ स्वामी मंदिर में 42वें रुद्रयज्ञ महोत्सव की शुरुआत हुई। भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
इस वर्ष के महोत्सव में सुशील गुप्ता और उनकी पत्नी यजमान की भूमिका में हैं। मुख्य आचार्य प्रदीप शास्त्री के नेतृत्व में विद्वान आचार्यों का दल धार्मिक अनुष्ठान करा रहा है। यहाँ अग्नि मंथन की परंपरा निभाई जाएगी। वेदों के अनुसार अग्नि प्रकट कर हवन शुरू होगा।
भोलेनाथ की शोभायात्रा मंदिर से निकलकर उत्तर दिशा में स्थित निचली रामगंगा नहर तक पहुंची। भक्तों ने मां गंगा की आरती उतारी और पवित्र जल भरकर मंदिर में अभिषेक के लिए समर्पित किया। यह जलधारा सीधे गंगा से जुड़ी होने के कारण विशेष धार्मिक महत्व रखती है।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और वरिष्ठजन शामिल हुए। सोमनाथ तिवारी, अमित तिवारी, गौरव शुक्ला, शुभम अवस्थी समेत कई श्रद्धालुओं ने आयोजन में सक्रिय योगदान दिया। 

यात्रा का मार्ग पुष्पों और धर्म ध्वजाओं से सजाया गया था। भक्तगण भक्ति गीतों पर झूमते और नाचते रहे।