
आ स. संवाददाता
कानपुर। आलियापुर टोल प्लाजा पर कर्मचारियों से मारपीट का मामला सामने आया है। टोल प्लाजा मैनेजर राघवेन्द्र तिवारी ने सजेती थाने में तीन लोगों को नामजद करते हुए 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना के अनुसार लव सिंह नाम का व्यक्ति आटो लेकर टोल प्लाजा पहुंचा। टोल प्लाजा के पीछे बाईपास रास्ता बंद होने पर वह भड़क गया। उसने वहां तैनात कर्मचारी शशिकांत दीक्षित और युवराज सिंह को गालियां दीं। लोहे की रॉड से उन पर हमला किया।
लव सिंह ने अपने गांव अमौली में फोन कर और लोगों को बुला लिया। जगन्नाथ सिंह, गया सिंह समेत 10-15 लोग लाठी-डंडे लेकर टोल प्लाजा पहुंच गए। सभी ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने एक बोलेरो और दस ओवरलोड ट्रक फ्री में निकालने की मांग की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
टोल प्लाजा के मैनेजर ने बताया कि आरोपी लगातार टोल प्लाजा पर आकर कर्मचारियों को धमका रहे हैं। एक आरोपी ने कहा कि उसने कई हत्याएं की हैं और पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
थाना प्रभारी कमलेश राय के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।