
आ स. संवाददाता
कानपुर। मन की बात कार्यक्रम आज आयोजित किया गया। मोतीझील में आयोजित हुए कार्यक्रम में शहर के व्यापारीयों को प्रमुख रूप से आमंत्रित किया गया। करीब 500 व्यापारी नेता समेत अन्य लोगों को बुलाया गया।
पीएम ने मन की बात में बच्चों और लोगों में बढ़ रहे मोटापा पर चर्चा की और इसको कम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हम प्रयास करें कि खाने में 10 फीसदी तेल कम खाएं और बाजार से ही कम तेल खरीदकर घर लाएं।
देश के 12 स्थानों से मन की बात कार्यक्रम लाइव सुना गया। कानपुर के कारगिल पार्क में बड़ी संख्या में लोगों ने मन की बात कार्यक्रम सुना। इस दौरान मन की बात कार्यक्रम के यूपी के नोडल व प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक के अलावा पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी, महापौर, विधायक व विधान परिषद सदस्य भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में सबसे पहले क्रिकेट की बात की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, इन दिनों चैंपियंस ट्रॉफी चल रही है और हर तरफ क्रिकेट का माहौल है। क्रिकेट में सेंचुरी का रोमांच क्या होता है, ये तो हम सब भली-भांति जानते हैं।
लेकिन आज मैं, आप सबसे क्रिकेट नहीं, बल्कि भारत ने स्पेस में जो शानदार सेंचुरी बनाई है उसकी बात करने वाला हूं। पिछले महीने देशवासी इसरो के 100वें रॉकेट की लॉन्चिंग के साक्षी बने हैं। यह केवल एक नंबर नहीं है, बल्कि इससे स्पेस विज्ञान में नित नई ऊंचाइयों को छूने के हमारे संकल्प का भी पता चलता है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी स्पेस यात्रा की शुरुआत बहुत ही सामान्य तरीके से हुई थी। इसमें कदम-कदम पर चुनौतियां थीं, लेकिन हमारे वैज्ञानिक, विजय प्राप्त करते हुए आगे बढ़ते ही गए। समय के साथ अंतरिक्ष की इस उड़ान में हमारी सफलताओं की सूची काफी लंबी होती चली गई।
पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में, मैं आर्टिफीसियल इंटेलिजेंसी के एक बड़े सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पेरिस गया था। वहां दुनिया ने इस क्षेत्र में भारत की प्रगति की खूब सराहना की। हमारे देश के लोग आज आर्टिफीसियल इंटेलिजेंसी का उपयोग किस-किस तरह से कर रहे हैं, इसके उदाहरण भी हमें देखने को मिल रहे हैं।
मन की बात कार्यक्रम के 119वें संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगले महीने 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। यह हमारी नारी-शक्ति को नमन करने का एक विशेष अवसर होता है। हमारी संस्कृति में बेटियों का सम्मान सर्वोपरि रहा है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि इस बार महिला दिवस पर मैं एक ऐसी पहल करने जा रहा हूं, जो हमारी नारी-शक्ति को समर्पित होगी।
इस विशेष अवसर पर मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट जैसे एक्स, इंस्टाग्राम के अकाउंट्स को देश की कुछ प्रेरणादायक महिलाओं को, एक दिन के लिए सौंपने जा रहा हूं। वे आठ मार्च को अपने कार्य और अनुभवों को देशवासियों के साथ साझा करेंगी।