आ स. संवाददाता
कानपुर। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह मंगलवार को कांशीराम कॉलोनी का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां डीएम को निरीक्षण के दौरान बड़ी खामियां मिली।
यहाँ पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बीते 3 हफ्तों में विभागीय अधिकारियों ने एक बार भी यहां की समस्याओं के बारे में उन्हें जानकारी नहीं दी। विभागीय सांमजस्य बिल्कुल भी नहीं है।
डूडा के तहत कांशीराम कॉलोनी का निर्माण कराया जा रहा है। बीते 7 सालों में 1104 मकान बनाए जाने थे। लेकिन अभी तक मौके पर 720 मकान ही बनाए जा सके हैं। उन्हें बताया गया कि बाकी मकान शासन से 4 करोड़ रुपए मिलने के बाद पूरे किए जाएंगे। डीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इसे पहले बताया जाना चाहिए था।
डीएम ने बताया कि यहां करीब 250 लोगों ने केस्को में कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। इसमें से अभी तक सिर्फ 50 मकानों को ही कनेक्शन दिया जा सका है।
केस्को के एक्सईएन सुनील कुमार की इसमें बड़ी लापरवाही सामने आई है। तार बिछाने में समझदारी का इस्तेमाल बिल्कुल भी नहीं किया गया है। मौके पर एक भी परिवार रहता हुआ नहीं मिला है।
डीएम ने कहा- केस्को ने कनेक्शन नहीं दिए। नगर निगम ने पार्क और सड़कें डेवलप नहीं की। निर्माण एजेंसी सीएंडडीएस ने विभागों के साथ सांमजस्य नहीं बैठाया। विभागों में आपसी सांमजस्य बिल्कुल भी नहीं है। डीएम ने कहा कि मेरे सामने भी अधिकारी एक-दूसरे पर काम टालते रहे।