
आ स. संवाददाता
कानपुर। मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है। बुधवार सुबह से छाए बादलों ने कड़ी धूप के असर को कमजोर कर दिया। इससे सुबह का तापमान अचानक गिर गया। पहाड़ों से बर्फीली हवाएं अब भी जारी हैं। इससे रात के तापमान में कोई खास राहत देखने को नहीं मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के अंदर मौसम में बदलाव आ जाएगा। बुधवार से लगातार पश्चिमी विक्षोभ आने हैं, जिसके कारण फरवरी के पहले हफ्ते में 5 फरवरी तक मौसमी गतिविधियां बदली रहेंगी।
मंगलवार को न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई। पारा 5.4 से बढ़कर 6.6 डिग्री हो गया। वहीं, दिन का तापमान 22.6 से बढ़कर 24.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। न्यूनतम पारा सामान्य से कम रहा, जबकि अधिकतम पारा फिर सामान्य से अधिक बना हुआ है।
हवा अपेक्षाकृत ठंडी थी, लेकिन तेज धूप के कारण यह गर्म पड़ गई। फिर भी सर्दी का अहसास बना रहा। वातावरण में नमी का प्रतिशत भी गिर गया। इससे ठिठुरन भरी सर्दी का अहसास दिन में नहीं हो पाया। मौसम विभाग की मानें तो दो पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेंगे।
पहला विक्षोभ बुधवार से और दूसरा पहली फरवरी से अपना असर डाल सकता है। विक्षोभ के कारण इस दौरान मौसम गतिविधि सीमित रहेंगी।
पहले विक्षोभ के बाद, 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा। यह विक्षोभ पहले की तुलना में थोड़ा अधिक प्रभावी होगा। इससे निचले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम में आए परिवर्तन से तापमान में ठंड बढ़ेगी।