February 5, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
इस वर्ष सर्दी के दौरान ही गर्मी का अहसास हो रहा है, इसकी वजह तीन कमजोर विक्षोभ हैं जो मैदानी क्षेत्र को गर्म कर रहे हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश कम हुई है। इस कारण यहां से सर्द हवाएं तेजी से मैदानों की ओर नहीं आ सकी और तापमान अच्छा-खासा बढ़ गया।
पिछले 24 घंटे के दौरान कानपुर का तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अब तापमान में मामूली गिरावट आएगी। 31 जनवरी व 1 फरवरी को ठीक-ठाक बारिश होने की उम्मीद है।
पाकिस्तान, अफगानिस्तान और राजस्थान के क्षेत्रों के ऊपर पूर्व में आए तीन पश्चिमी विक्षोभों ने देश के एक बड़े क्षेत्र के मौसमी सिस्टम को प्रभावित कर दिया है। हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हो गई। इससे मौसम गर्म हो गया। बदली और कोहरे के कारण रात का तापमान भी बढ़ गया। अधिकतम तापमान पर सर्वाधिक प्रभाव पड़ा। फिलहाल 26 जनवरी तक ऐसा ही उतार-चढ़ाव रहने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभों के गुजरने के बाद से बर्फीली हवाओं का जोर मैदानी क्षेत्रों पर होना शुरू हुआ है। कानपुर में न्यूनतम पारा 8.6 डिग्री हो गया। अयोध्या के बाद कानपुर की रात यूपी में सबसे सर्द रही।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक 31 जनवरी और 1 फरवरी को ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। यह सशक्त होगा और लगभग पूरे प्रदेश में बारिश करेगा। इससे पहले पूर्वी यूपी में तापमान में गिरावट तो आएगी लेकिन ज्यादा नहीं। आसमान साफ रहा तो  कानपुर मंडल में गर्मी का अहसास होगा। रात में सर्दी का अहसास बना रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभों के आने के कुछ दिन बाद ही तेज सर्द उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलती है, जो अब तक नहीं चल रही थीं। जो हवाएं चलीं भी वह आसमान साफ होने के कारण खिली धूप से गर्म हो गई। कमजोर विक्षोभों के परिणाम स्वरूप उत्तर पश्चिमी हवाएं सर्द नहीं रहेंगी। आसमान साफ होने के कारण हवाएं गर्म बनी रहेंगी। अगले 72 घंटे तक ऐसा ही उतार-बढ़ाव बना रहेगा।