आ स. संवाददाता
कानपुर। फतेहपुर के औंग क्षेत्र स्थित गेरूआ गांव के पास हुए सड़क हादसे में छात्रा नसरा फातिमा की मौत हो गई थी। नसरा का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम में नसरा के सिर पर गम्भीर चोट की पुष्टि हुई। साथ ही यह भी पता चला कि सिर की हड्डी टूट जाने के कारण ब्रेन में ब्लीडिंग हो गई थी। जिसके कारण वो कोमा में चली गई जो कि उसकी मौत का कारण बना। परिवार वाले शाम को ही नसरा के शव को बिंदकी ले गए। जहां पर रात में उसे सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
बिंदकी निवासी नसरा फातिमा 11 वीं की छात्रा थी। उसके परिवार में पिता शकील के अलावा बड़ा भाई अंसार है। पिता शकील अहमद आटे की छन्नी बनाने का काम करते हैं। घर के पास ही उन्होंने अपना कारखाना लगा रखा है। वो छन्नी बनाकर बेचते हैं, जिससे परिवार का लालन पालन होता है। शकील ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई लिखाई में ठीक थी। वो और अच्छी तरह से पढ़ना लिखना चाहती थी। वो हमेशा कहती थी पढ़ लिखकर वो अच्छा काम करेगी जिससे परिवार को मदद मिलेगी।
नसरा के पोस्टमार्टम में देरी हो रही थी। एक समय ऐसा भी आया जब पोस्टमार्टम कर्मियों ने उन्हें कह दिया कि अब पोस्टमार्टम कल होगा। दोपहर दो बजे नसरा के चाचा ने किसी से फोन पर बात की। जिसके बाद पोस्टमार्टम में वरिष्ठ डाक्टर पहुंचे और नसरा का पोस्टमार्टम जल्द करने के लिए कहा। शाम चार बजते बजते नसरा फातिमा का पोस्टमार्टम हो गया और पांच बजे परिवार वाले उसका शव लेकर बिंदकी निकल गए। जहां रात में उसे सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।