February 5, 2025

आ. सं.
कानपुर। अन्ना हजारे के इंडिया अगेनस्ट करप्शन के अभियान से प्रेरित होकर समाज के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छा रखने वाले कानपुर के बर्रा 5 निवासी नितेश सचान ने पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ ही कुछ करने का निर्णय लिया है ।
नितेश ने शादी समारोह में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल रोकने के लिए अपना बर्तन बैंक शुरु किया। नितेश कानपुर समेत फतेहपुर, उन्नाव में होने वाले शादी, बर्थडे, भंडारों व अन्य समारोह में फ्री में बर्तन उपलब्ध करा कर सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल करने से रोकते है।
नितेश तमिलनाडु के वेल्लोर इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी से साफ्टवेयर इंजीनियर बने। इसके बाद गुरुग्राम में एक  अंतर्राष्ट्रीय कंपनी में सीनियर साफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर नौकरी शुरू की।

नितेश ने बताया कि अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान वह दिल्ली में थे। उनके आंदोलन को देख उनके मन में समाज के लिए कुछ करने की इच्छा हुई, जिसके बाद उन्होंने यूथ फॉर इंडिया फेलोशिप ज्वाइन की और सामजिक मुद्दों पर काम करने लगे। 2016 में उन्होंने दिल्ली में एक संस्था बनाई और तमाम सामजिक मुद्दों पर विभिन्न प्रदेशों की यात्रा शुरू की।
कोरोना महामारी के दौरान वह कानपुर वापस लौटे और कोरोना वायरस की भयावहता देखकर पर्यावरण संरक्षण की इच्छा मन में जगी। इसके बाद वह नौकरी छोड़कर  कानपुर वापस आ गए। जिसके बाद उन्होंने प्रकृति के साथ खिलवाड़ कर रहे लोगों की जागरूक करना शुरू किया।
नितेश ने बताया कि सभी समारोहो में बर्तन उपलब्ध कराने के साथ ही वे सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक करते है। अब तक उनकी संस्था 163 समारोहो में सहयोग कर चुकी है, और करीब 2.50 लाख डिस्पोजल प्लास्टिक बर्तनों का प्रयोग करने से लोगों को रोका गया है।
पहली बार उन्होंने इस अभियान की शुरुआत फतेहपुर निवासी दोस्त कृष्णा के यहां आयोजित जन्मदिन समारोह के साथ की थी, जिसमें उन्होंने 75 सेट बर्तन दिए थे। उन्होंने बताया कि अबतक उनके पास करीब 12 हजार बर्तनों का सेट बन चुका है।
यह बर्तन आयोजनों में निशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को रोकने के लिए लोग उनके नंबर 9120007195 पर संपर्क कर सकते हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *