आ. सं.
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक जमीनी विवाद ने गंभीर मोड ले लिया है। तिलसहरी खुर्द गांव में खेत के बंटवारे को लेकर चाचा और उनके बेटे ने भतीजे को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित रणविजय सिंह की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
रणविजय सिंह ने महाराजपुर थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने चाचा कुबेर सिंह उर्फ बचोले सिंह से पारिवारिक खेत का बंटवारा करने की बात कही। इस पर कुबेर सिंह और उनके बेटे संजय सिंह ने न केवल उनसे गालीगलौज की, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना से रणविजय सिंह डरे और सहमे हुए हैं।
महाराजपुर इंस्पेक्टर के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।