February 5, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
शिवराजपुर में एक गाँव के पास कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर गुरुवार को रॉन्ग साइड जा रही एक टेंपो अचानक बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विधिक कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शिवराजपुर थाना क्षेत्र के धमनी निवादा गांव निवासी धीरज टेंपो चलाता था। वह दूसरे की टेंपो चलाकर अपने परिवार का पेट भरता था। रोज की तरह गुरुवार की सुबह भी वह सवारियां ढोने के लिए टेंपो लेकर निकला था। वह  शिवराजपुर से उत्तरीपूरा की तरफ जाते समय दरिया निवादा गांव के सामने पहुंचा था कि टोल प्लाजा के पास सड़क के रॉन्ग साइड टेंपो चलाते समय उसकी तेज रफ्तार टेंपो अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में धीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची हाईवे एंबुलेंस से उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचायतनामे की कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ड्राइवर नशे की हालत में था और वह जानबूझकर रॉन्ग साइड जा रहा था। हादसे के समय टेंपो में सवारियां मौजूद नहीं थीं। अगर टेंपो में सवारियां होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।