February 5, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  ठंड के मौसम में अस्पतालों में मरीजों की संख्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। यदि किसी ने अपने स्वास्थ्य के साथ जरा भी अनदेखी की तो बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है। इन दिनों कानपुर मेडिकल कॉलेज का हैलट अस्पताल सांस और ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों से भरा पड़ा है। रोजाना बड़ी संख्या में मरीज भर्ती हो रहे हैं।
कानपुर मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. बीपी प्रियदर्शी ने बताया कि ठंड में सांस के मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। ठंड के कारण ओपीडी में लगभग 10 से 12 प्रतिशत मरीज सांस से संबंधित समस्या लेकर आ रहे है।
उन्होंने बताया कि ठंड में जकड़न होने के कारण मरीजों में संक्रमण तेजी से फैलता है। इसमें 2 से 4 प्रतिशत मरीज नए भी आ रहे हैं, जिनकी शारीरिक क्षमता कम है, उनको ज्यादा दिक्कतें होती है।
डॉ. प्रियदर्शी ने बताया कि इस मौसम में हर रोज सांस के  मरीज भर्ती हो रहे है। ऐसे भी कई मरीज आ रहे है, जिनको पहले से ही समस्या है लेकिन दवा का सेवन समय पर नहीं कर रहे है। कुछ मरीज ऐसे भी है जिन्होंने स्वास्थ्य की ठीक से देखभाल नहीं की और अचानक हुई ठंड में उनकी समस्या बढ़ गई।
डॉ. प्रियदर्शी के मुताबिक ब्रेन स्ट्रोक के भी मरीज भी काफी संख्या में भर्ती हो रहे हैं। हर रोज लगभग 8 से 10 मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। इन दिनों सुबह और शाम की बढ़ती ठंड से हमे बचना चाहिए। इसके अलावा बुजुर्ग और बच्चे में ये समस्या ज्यादा देखने को मिल रही है। इसलिए इन लोगों को ठंड में ज्यादा बचाव की जरूरत है।