March 13, 2025

आ स. संवाददाता 

कानपुर। अब कड़ाके की ठंड शुरू होने की संभावना है। शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता 150 मीटर रही। आगरा का ताजमहल भी कोहरे में छिप गया। ताजमहल केवल 50 मीटर दूर से भी नहीं दिख रहा था। मौसम विभाग ने सीजन में पहली बार कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में बारिश हो सकती है। घना कोहरा भी छाएगा। सर्द हवाओं से प्रदेश में पारा तेजी से लुढ़केगा।
मौसम विज्ञानी डॉ. एस एन सुनील पांडेय ने बताया कि  चक्रवाती तूफानों के कारण यूपी का मौसम असंतुलित चल रहा है। बारिश भी कम हुई है। सर्दी के मौसम में गर्मी जैसा एहसास हो रहा है। 12 दिसंबर से कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। दिसंबर के आखिरी हफ्ते के अंतिम 3 दिन इस बार कोल्ड-डे रहने के आसार हैं।

डा. पांडेय के अनुसार 8 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालय और उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों की तरफ बढ़ रहा है। इससे बारिश हो सकती है। प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से जेट स्ट्रीम हवाएं भी आने लगी हैं। इन हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
पांडेय ने बताया कि चक्रवाती तूफानों ने यूपी की सर्दी के मौसम में गर्मी कर रखी थी। दिसंबर के अधिकतम तापमान ने दशकों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। पिछले मई के महीने में रेमल, अगस्त में आसना, अक्टूबर में दाना और नवंबर में फेंगल चक्रवाती तूफान ने हवा की दशा और दिशा दोनों ही लगातार प्रभावित कर दी थी।