October 15, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। बलात्कार का मुकदमा वापस न लेने पर आरोपियों ने महिला को बुरी तरह से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसे जान से मारने तक की धमकियां दी गईं। आरोपियों की प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। 

मृतक महिला की भतीजी के साथ बलात्कार किया गया था। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया था। बलात्कारियो के कुछ साथी बाहर ही रह गए थे, जो मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहे थे।

मृतका की भतीजी के साथ गांव के ही कुछ लोगों ने दशहरा से पहले बलात्कार किया था। इस घटना को लेकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिसमें दो आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया था, मगर बाकी तीन लोग बाहर रह गए थे।
जेल गए इन आरोपियों के साथियों ने केस वापस लेने का दबाव बनाने के लिए पूरे परिवार को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। इन लोगों से गाली गलौज और फोन पर भी धमकियां मिलना शुरू हो गई थीं। घर के सदस्य डरकर काम पर नहीं जा पा रहे थे। घर में अजीब सा डर का माहौल था। जिसके कारण महिला अवसाद  में आ गई थी। इसी अवसाद के चलते उसने पंखे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। 

नवाबगंज इंस्पेक्टर के मुताबिक परिवार वालों से तहरीर देने के लिए कहा गया है। घटना की तहरीर के आधार पर  आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related News