October 23, 2024

कानपुर। बिल्हौर थाना क्षेत्र के बैंडी अलीपुर गांव में बुधवार की सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश उसके ससुराल में पायी गयी। जहां उसके ससुराल वाले उस महिला को आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं तो वहीं सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पति, देवर और ससुर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।बिल्हौर थाना क्षेत्र के बैंडी अलीपुर गांव निवासी शिवकुमार मिश्रा वर्तमान में बलराम नगर बिल्हौर में निवास करते हैं। वह और उनका बेटा मनीष बिल्हौर में ही बिल्डिंग मटेरियल की दुकान चलाते हैं। मनीष की शादी 13 साल पहले कन्नौज के तिर्वा थाना क्षेत्र के लौंगापुर गांव निवासी रामऔतार दुबे की बेटी शिवांगी उर्फ रेनू(35) के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे बेटा विभू(10) और बेटी आर्या(10) है।ससुरालियों के अनुसार, मृतका ने देर रात घर की तीसरी मंजिल पर दरवाजे के बेलन में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी होने पर उन लोगों ने उसे फांसी से उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पति, जेठ, जेठानी, सास और ससुर पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति, ससुर और जेठ को हिरासत में ले लिया। घटना की जांच पड़ताल शुरू की।भाई अनिल दुबे के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग 5 बजे उन्हें फोन काल कर सूचना दी गई कि उनकी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही वह लोग मौके पर पहुंचे तो उनकी बहन का शव घर के मुख्य दरवाजे पर जमीन में रखा हुआ था।उन्हें घर की तीसरी मंजिल पर दरवाजे के बेलन में फांसी लगाने की जानकारी दी गई। उसके अनुसार ढाई तीन फीट की ऊंचाई पर फांसी लगाकर आत्महत्या करना संभव नहीं। उनकी बहन की हत्या करने के बाद फांसी का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।