October 23, 2024

कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव ,कांग्रेस से राज्यसभा सांसद और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की मां शान्ति शुक्ला  का लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया। 101 वर्षीय शान्ति शुक्ला  ने  सांसद व पूर्व सचिव के दिल्ली  स्थित निवास पर अंतिम सांस ली। अपने पीछे तीन पुत्रों को छोडकर स्वर्ग सिधारी शान्ति शुक्ला् लम्बे समय से अपने छोटे बेटे सुधीर शुक्ला के परिवार की देख रेख में रह रहीं थी। उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से उनके पैतृक निवास नगर के दर्शन पुरवा में शुक्रवार को सुबह लाया जाएगा।वहीं शान्ति शुक्‍ला के निधन की सूचना मिलते ही शुक्ला  परिवार से जुडे लोगों का दर्शनपुरवा स्थित निवास में जमावडा लग गया। इसी बीच भारत-बंगलादेश टेस्ट मैच की तैयारियों में जुटे यूपीसीए के विभाग को जैसे ही जानकारी मिली, वहां शोक की लहर दौड़ पड़ी। इसी दौरान स्टेडियम का निरीक्षण करने आए सांसद रमेश अवस्थी को भी जैसे यह जानकारी मिली, उन्होंने निरीक्षण को रद कर दिया। इसके बाद मैदान में राजीव शुक्ला की मां की एक शोक सभा भी आयोजित की गयी। जिसमें सांसद रमेश अवस्थी के साथ वेन्यू डायरेक्टर डा. संजय कपूर, यूपीसीए सचिव अरविंद श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव रियासत अली, कोषाध्यक्ष प्रेम मनोहर गुप्ता, नोडल अधिकारी सुजीत श्रीवास्तव समेत यूपीसीए का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। राजीव शुक्ला की मां की अंतिम यात्रा 20 सितम्बर को सुबह 11 बजे भैरव घाट के लिए प्रस्थान करेगी।

Related News