
संवाददाता
कानपुर। रूरा रेलवे स्टेशन के अप प्लेटफार्म के पास शुक्रवार सुबह एक युवक रेल ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बताया गया कि कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही दरभंगा एक्सप्रेस शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे रूरा स्टेशन के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान एक युवक अप प्लेटफार्म के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी चौकी झींझक के प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन युवक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला।शिनाख्त नहीं हो पाने पर पुलिस ने अज्ञात के रूप में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






