संवाददाता
कानपुर। नगर के पनकी थाना क्षेत्र के कटरा इलाके में शुक्रवार शाम पत्नी से विवाद के बाद 36 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद जब पत्नी कमरे में पहुंची तो पति का शव पंखे से लटका देख चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने तुरंत 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पनकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक अरुण मूलरूप से सचेंडी के भैलामऊ गांव का रहने वाला था। वह पनकी के कटरा क्षेत्र में रहकर निजी नौकरी करता था। परिवार में पत्नी सोनी और तीन बेटियां हैं।
पत्नी सोनी ने पुलिस को बताया कि अरुण शराब का अधिक सेवन करते थे, जिससे अक्सर घर में कहासुनी होती थी। शुक्रवार को भी वह नशे में घर लौटे, जिसका उसने विरोध किया। इसी बात पर नाराज होकर अरुण दूसरे कमरे में चले गए और फंदा लगा लिया।
कुछ देर बाद जब पत्नी कमरे में गई तो घटना की जानकारी हुई। थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया दंपती के बीच विवाद की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। यदि परिजनों की ओर से कोई तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।





