February 17, 2026

संवाददाता

कानपुर।  चौबेपुर थाना क्षेत्र के नया पुरवा गांव में एक मकान में जोरदार धमाका हो गया। धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकान की दीवारें उड़ गईं।
कमरे में सो रहा युवक मलबे की चपेट में आकर घायल हो गया और झुलस भी गया। वहीं बाहर बंधी तीन बकरियां दीवार गिरने से दब गईं, जिनमें दो की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक शिवराजपुर के दुबियाना गांव निवासी रमेश चंद्र नया पुरवा में रमा शुक्ला के मकान में किराए पर रहता है और निजी कंपनी में कार्यरत है। वह रोज की तरह कमरे में सोने गया था। देर रात धूम्रपान के लिए जैसे ही उसने माचिस जलाई, अचानक तेज धमाका हो गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी थी कि कमरे की दीवारों में दरारें आ गईं और कुछ हिस्सा गिर पड़ा। मलबा गिरने से रमेश घायल हो गया।
धमाके के समय मकान के बाहर रमा शुक्ला के भाई राजेश शुक्ला की तीन बकरियां बंधी थीं। दीवार गिरने से वे मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दो बकरियों की मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि कमरे में रसोई गैस खुली रह जाने से गैस भर गई होगी और माचिस जलाते ही धमाका हो गया। हालांकि विस्फोट के बाद गैस बाहर निकलने से आग अधिक नहीं फैली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। 

थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। घायल युवक का उपचार कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। 

Related News