
संवाददाता
कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में सामाजिक उद्यमिता एवं कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी विषय पर कार्यशाला का आयोजन हुआ। इस कार्यशाला का शुभारंभ निदेशक प्रो. सुधांशु पांडया, विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर ऑफ प्रेक्टिस अनिमेष गुप्ता, डॉ. विवेक सचान एवं डॉ. सिधांशु राय द्वारा किया गया। स्कूल बिजनेस ऑफ मैनेजमेंट के पूर्व छात्र रहे प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस अनिमेष गुप्ता ने एमबीए के विद्यार्थियों को उद्यमिता के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि उद्यमिता नवाचार को बढ़ावा देती है तो वही रोजगार के नए अवसर पैदा करके बेरोजगारी को कम करती है। उन्होंने विद्यार्थियों के अंदर स्टार्टअप की नींव डालने का प्रयास किया। उन्होंने कॉरपोरेट सेक्टर में भी सोशल रिस्पांसिबिलिटी की भूमिका पर चर्चा की। निदेशक प्रो. सुधांशु पांडया ने कहा कि उद्यमिता का महत्व न सिर्फ आर्थिक विकास में है, बल्कि व्यक्तिगत एवं सामाजिक विकास में भी है। सचिव कैंपस एलुमनाई एसोसिएशन डॉ. विवेक सचान ने कहा कि हमारे छात्र स्टार्टअप की ओर अग्रसर हो रहे हैं। निदेशक एलुमनाई एसोसिएशन डॉ. सिधांशु राय ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन में उद्यमिता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रश्मीत कौर ने किया, कार्यक्रम के पश्चात धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राहुल पाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रबंधन के विद्यार्थियों ने नवाचार से युक्त अनेक प्रश्न भी पूछे।






