June 1, 2025

संवाददाता

कानपुर। आज युग दधीचि देहदान संस्थान के नेतृत्व में कारगिल गेट मोतीझील पर गणमान्य महिलाओं ने 50 फीट के बैनर पर सिंदूर से लिखकर तुमुल उद्घोष करके मोदी जी और सेना को ऑपरेशन सिंदूर के लिए बधाई दी। संस्था के बैनर पर लिखा था कि सिंदूर जो गिरा मांग से तो आग बन गया।

पूर्व महापौर कैप्टन जगवीर सिंह द्रोण ने उपस्थित मातृशक्ति को विजय तिलक कर अपना आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि बेटियों ने जिस शौर्य का प्रदर्शन करके पाकिस्तान को धूल चटाई है उसका स्वाद उसे अगले 50 साल तक नहीं भूलेगा।

विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि भारतीय नारी का  सिंदूर कितनी ताकत रखता है इसका पता दुश्मन देश को लग गया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने जो संकल्प किया वह फलित होता दिख रहा है। भारतीय सेना का शौर्य पूरी दुनिया देख रही है। आईएमए अध्यक्ष डॉ. नंदिनी रस्तोगी, अटलजी की पौत्री नंदिता मिश्रा, डॉ. अलका दीक्षित व छाया गुप्ता ने हस्ताक्षर करते हुए कार्यक्रम का प्रारंभ किया। प्रेमलता तिवारी एवं सीमा अग्रवाल ने सभी का स्वागत किया।

शेष नारायण त्रिवेदी, आयकर अधिकारी शरद प्रकाश अग्रवाल, रवि तिवारी ने भी बैनर पर अपने संदेश लिखे। देहदान अभियान प्रमुख मनोज सेंगर ने बताया कि सिंदूर की कीमत क्या है यह भारतीय सेना और मोदी जी ने दुश्मनो को बता दिया है। इसीलिए महिलाएं इस सिंदूर से बधाई संदेश लिख रही है। माधवी सेंगर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन वैदिक मंत्रो के पाठ के साथ किया गया।