February 22, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
बिल्हौर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र स्थित बहरमापुर गांव में आबादी की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करते हुए एक महिला से मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
बहरमापुर निवासी नीलम पाल ने आरोप लगाया है कि गांव के मुन्नालाल पुत्र छेदीलाल और उनके परिजन उनकी आबादी में दर्ज सहन की भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। नीलम पाल के अनुसार, उनकी भूमि गाटा संख्या 291 में दर्ज है, जबकि मुन्नालाल गाटा संख्या 292 में 0.020 हेक्टेयर रकबे पर पहले से मकान बनाए हुए हैं।
पीड़िता ने बताया कि इस जमीन को लेकर वर्ष 1994 में ग्राम सभा की ओर से दायर वाद में 5 अक्टूबर 1994 को पारित आदेश में प्रतिवादी को केवल निर्मित मकान तक सीमित रहने और अन्य भूमि पर कब्जा न करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद वर्ष 1995 में भी विवादित मकान के अतिरिक्त अन्य भूमि पर हस्तक्षेप से रोका गया था।
नीलम पाल का आरोप है कि इन आदेशों के बावजूद विपक्षी पक्ष लगातार उन पर दबाव बना रहा है। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी 2026 की शाम जब वह पशुओं को चारा डाल रही थीं, तभी कथित आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पशुओं के खूंटे उखाड़ने का प्रयास किया। परिजनों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि चार-पांच अज्ञात लोगों के साथ मिलकर सहन भूमि पर बनी नादों को तोड़ दिया गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। नीलम पाल ने इस घटना का वीडियो साक्ष्य होने का भी दावा किया है।
मामले की शिकायत पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने बताया है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

Related News