
संवाददाता
कानपुर। अब तेजी से तापमान बढ़ेगा। अगले 48 घंटे में इसका असर भी दिखने लगेगा। बुधवार सुबह से कड़ी धूप निकली हुई है, इसकी वजह से लोग सुबह से गर्मी से परेशान हैं। वहीं अभी तक हो रही बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही से जून माह में दिन का पारा काफी नीचे रहा।
तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे दर्ज किए गए। जून में सामान्य तौर पर ऐसा नहीं होता है। पूरे प्रदेश में आंधी-पानी का अलर्ट होने के बावजूद कुछ ही जिलों में जोरदार आंधी-पानी दिखा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में तापमान तेजी से बढ़ेगा और इसी सप्ताह 40 डिग्री को पार कर जाएगा।
प्रदेश में बुधवार से बादल छंटने शुरू हो गए। कुछ जिलों को छोड़ शेष में तापमान बढ़ेगा। विशेषकर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में तापमान में वृद्धि होगी। इसी सप्ताह ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंच जाएगा।
कल अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो सामान्य से 6 डिग्री कम रहा। जून में अब तक दिन का पारा सामान्य से कम ही रहा है। न्यूनतम तापमान में भी कमी आई। पारा 26 डिग्री रहा। यह सामान्य से कम है। अधिकतम नमी 63 और न्यूनतम 51 फीसदी रही। हवा की रफ्तार बेहद कम रही। मात्र 10-15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से आ रहे पश्चिमी विक्षोभों के कारण आंधी-पानी का क्रम जारी है। अब अगला विक्षोभ 12-13 जून में संभावित है।
इससे पहले अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। अगले विक्षोभ के बाद इसमें तीन डिग्री तक की कमी भी संभव है। बुधवार को हल्के बादल छाए रहे। कहीं कहीं छिटपुट बूंदाबांदी भी संभव है।