
संवाददाता
कानपुर। मोबाइल फोन पर बात करने को लेकर हुए झगड़े में पति के धक्का देने से पत्नी सोनी की मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद महिला रात भर दर्द से तड़पती रही। सुबह अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात महाराजपुर थाना क्षेत्र के महोली गांव की है।
महोली गांव निवासी महेश प्रजापति चाट का ठेला लगाता है। परिजनों के मुताबिक महेश घर पहुंचा तो उसकी पत्नी सोनी किसी से फोन पर बात कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। गुस्से में महेश ने मोबाइल छीनने की कोशिश की और सोनी को धक्का दे दिया। संतुलन बिगड़ने से सोनी का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
धक्का लगने के बाद सोनी अपने कमरे में बड़े बेटे के साथ लेट गई। रातभर उसके सिर से खून बहता रहा, लेकिन समय पर इलाज नहीं मिल सका। सुबह हालत बिगड़ने पर महेश उसे सरसौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही सोनी ने दम तोड़ दिया। कांशीराम अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्वकर्मा और एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फोरेंसिक टीम ने अहम सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के 13 वर्षीय बेटे अनिकेत ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता के बीच मोबाइल फोन को लेकर अक्सर विवाद होता था। कल भी इसी बात पर झगड़ा हुआ, जिसके बाद पिता ने मां के साथ मारपीट की थी और सिर में चोट लग गई थी।
महेश और सोनी की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। उनके तीन बच्चे- अनिकेत, हर्षित और आर्या हैं। मां की मौत और पिता की गिरफ्तारी के बाद तीनों बच्चे बेसहारा हो गए हैं। गांव में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि सिर पर चोट लगने से महिला की मौत हुई है। सिर पर घातक चोट के कारण उसकी जान गई। झगड़े के कारणों की गहन जांच की जा रही है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई जारी है।






