
आ स. संवाददाता
कानपुर। इस बार सर्दी जल्दी विदा हो गई। लगातार आए पश्चिमी विक्षोभों के चलते गर्म हवाओं का फ्लो लगातार बना रहा, इससे ठंड का असर बेहद कम रहा। वहीं, मौसम विज्ञानियों ने इस बार पानी को लेकर भी गहरी चिंता व्यक्त की है। आज सुबह ही तेज धूप निकलने से दिन में गर्मी का अहसास बढ़ जाएगा।
मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमालय के पहाड़ों में दिसंबर से मार्च के बीच अच्छी बर्फबारी होती है। ये बर्फ समय के साथ नीचे बैठती जाती है और बर्फ की कई परतें बन जाती हैं, जो गर्मी आने पर धीरे-धीरे पिघलती हैं। हिमालय से निकलने वाली ज्यादातर नदियों में पानी का मुख्य स्रोत ग्लेशियर और पहाड़ों में जमी बर्फ के गलने से निकलने वाला पानी ही होता है। इस साल बर्फबारी बेहद कम हुई है। ऐसे में गर्मियां शुरू होते ही थोड़ी बहुत बर्फ जो गिरी है वो तेजी से गलेगी।
बर्फ के गलने से नदियों में अचानक पानी बढ़ जाएगा। इससे मैदानी इलाकों में बाढ़ की संभावना बढ़ेगी। वहीं पहाड़ों में बर्फ के जल्दी गल जाने से कुछ महीने के बाद नदियों के जल स्तर में तेजी से कमी आएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक कानपुर में अब तेजी से अब दिन के तापमान बढ़ सकते हैं। शनिवार सुबह से ही कड़ी धूप निकलने से दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी होगी। करीब 4 डिग्री तक तापमान बढ़ेगा।
बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 4.3 डिग्री बढ़कर 30.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 1.8 डिग्री सामान्य से अधिक है। वहीं 4.3 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से हवाएं भी चल रही हैं।