January 16, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
आज मौसम पिछले दिनों की अपेक्षा साफ रहा । सुबह हल्की धूप निकल आई थी। हालांकि, उत्तर पश्चिम की ओर से चल रही बर्फीली हवा ने गलन बढ़ा दी । लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव के पास बैठे दिखे। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार 15 जनवरी तक इसी तरह की ठंड बरकरार रहेगी।
शनिवार सुबह जारी पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के मुताबिक, कानपुर का न्यूनतम पारा 4.5 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान में 4.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसी के साथ कानपुर यूपी का चौथा सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम था। यूपी में कानपुर से भी ठंडे रहे जिलों की बात करें तो आजमगढ़ 3.7 डिग्री, अयोध्या 4 डिग्री और रायबरेली 4.2 डिग्री रहा।
दिन में ठंड से राहत देने के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन धूप के साथ चल रही हवाएं ठंडक का एहसास कराती रहीं। अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। शाम चार बजते ही सूरज एक बार फिर बादलों में छिप गया और बर्फीली हवाओं ने गलन का एहसास कराया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि
आने वाले 24 से 48 घंटों में उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलते ठंडक बरकरार रहेगी। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बना है, जिसके कारण धूप नरम होगी। दिन का तापमान गिरेगा। इसी के साथ सुबह व शाम का कोहरा बना रहेगा। गलन वाली सर्दी बनी रहेगी। 15 जनवरी तक इसी तरह का मौसम रहेगा।
मौसम का असर ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ रहा है। 40 से अधिक ट्रेनें तय समय से घंटों की देरी से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची। आनंद विहार टर्मिनल से दरभंगा जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस (15558) 13.33 घंटे व दरभंगा से चलकर आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस (15557) 15.43 घंटे देरी से आई।
नई दिल्ली से कानपुर सेंट्रल आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस (12034) 1.29 घंटे लेट रही। इसके अलावा चंपारण हमसफर 17.02, बरौनी नई दिल्ली हमसफर 2.03 घंटे देरी से आई। 

Related News