March 3, 2026

संवाददाता

कानपुर। तिलकनगर में राजीव पेट्रोल पंप चौराहे पर जलकल विभाग की मुख्य पाइपलाइन टूट गई। इस कारण विभिन्न क्षेत्रों के 20 लाख लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा।
जलकल विभाग ने मरम्मत के लिए सुबह बेनाझाबर वाटर वर्क्स और भैरोघाट पंपिंग स्टेशन बंद कर दिया। इससे शहर के 28 जोनल पंपिंग स्टेशनों में पानी की आपूर्ति रुक गई। जांच में पता चला कि भैरोघाट पंपिंग स्टेशन से बेनाझाबर वाटर वर्क्स में कच्चा पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन टूटी है।
प्रेमनगर, भूसाटोली, कारवालोनगर, झकरकटी और लक्ष्मीपुरवा में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रही। जलकल विभाग ने इन मोहल्लों में पानी के टैंकर भेजे। लेकिन वे भी लोगों की जरूरतों को पूरा नहीं कर पाए।
शाम तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं हो पाई। जलकल विभाग ने लोअर गंगा कैनाल से मिले करीब पांच करोड़ लीटर पानी की आपूर्ति की। कई मोहल्लों में शाम को भी नलों से पानी नहीं आया।
लोगों को पड़ोसियों के सबमर्सिबल या सार्वजनिक सबमर्सिबल से पानी भरना पड़ा। समस्या का समाधान न होने के कारण कल भी लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा।
जलकल विभाग और जल निगम शाम तक पाइप लाइन की मरम्मत नहीं कर पाया है। इससे लोगों को कल भी पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा।
आनंद कुमार त्रिपाठी, महाप्रबंधक, जलकल विभाग ने बताया कि लोगों तक जितना संभव हो पा रहा है पानी की आपूर्ति करने का प्रयास किया जा रहा है ।
जल निगम ने तिलकनगर में मुख्य पाइप लाइन तोड़ दी है। उसकी मरम्मत की जा रही है। शाम को बेनाझाबर वाटर वर्क्स में नहर से मिले पानी को शोधित कर आपूर्ति की गई। गंगा बैराज से भी पानी लिया जा रहा है।