May 4, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
रतनपुर में ग्राम प्रधान पद के लिए उपचुनाव का मतदान संपन्न हो गया है। यह चुनाव पूर्व प्रधान रामचंद्र दिवाकर की छह माह पहले बीमारी से हुई मृत्यु के कारण हुआ था। इस चुनाव में दो उम्मीदवार मैदान में हैं – पूर्व प्रधान की पत्नी तारावती और रामखिलावन।
इस उपचुनाव का मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक प्राथमिक विद्यालय रतनपुर में दो बूथों पर हुआ। बूथ संख्या 82 पर अरविंद कुमार और बूथ संख्या 83 पर अशोक मिश्रा पीठासीन अधिकारी थे। कुल 1483 मतदाताओं में से 765 पुरुष और 718 महिला मतदाता हैं। शाम 5 बजे तक 68.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
चुनाव में एक विशेष घटना तब देखने को मिली जब 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुधा, जो पूर्व सैनिक शिव गोपाल तिवारी की पत्नी हैं, अपने बेटे जितेंद्र के साथ मतदान करने पहुंचीं।
चुनाव लड़ रही तारावती का चुनाव चिह्न किसान है, जबकि रामखिलावन का चुनाव चिह्न इमली है। 

घाटमपुर के नायब तहसीलदार धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि उपचुनाव में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है। इस उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार को सम्पन्न होगी। 

Related News