आ स. संवाददाता
कानपुर। बिकरू कांड से कुख्यात विकास दुबे की गैंगस्टर एक्ट में जब्त की गई जमीन पर कुछ लोग कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे ने इसकी शिकायत बिल्हौर तहसील में तहसीलदार और ककवन थाने में की है।
ऋचा दुबे की शिकायत के बाद तहसील की एक टीम मौके पर जांच करने पहुंची। मौके पर जो भी कटी लकड़ियां मिली उसे टीम ने ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में दे दिया है। तहसीलदार के मुताबिक अब मौके पर कोई पेड़ नहीं काटा जाएगा। जो काटे गए हैं उन्हें लेकर ऋचा दुबे चाहे तो मुकदमा दर्ज करा सकती है।
बिकरू कांड के कुख्यात विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद पत्नी ऋचा दुबे पहले कुछ समय लखनऊ में रहीं। जब गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई में लखनऊ का मकान जब्त हुआ तो वो दिल्ली में बच्चों के साथ रहने लगी।
विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद चौबेपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत उसके गुर्गों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसी में विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे की सकरवां गांव ककवन स्थित एक जमीन को भी जब्त कर लिया गया था।
ऋचा दुबे के मुताबिक उनकी जमीन पर दस साल पुराने यूकेलिप्टस के पेड़ लगे थे। गांव के कुछ दबंगों ने पेड़ काटकर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। ऋचा दुबे ने बताया कि उन्हें गांव के ही एक सम्भ्रांत नागरिक ने फोन करके घटना की जानकारी दी। जिसके बाद उन्होंने तहसीलदार बिल्हौर और ककवन थाना पुलिस को टेलीफोन करके शिकायत दर्ज कराई थी।
तहसीलदार बिल्हौर तिमराज सिंह के मुताबिक उन्होंने मौके पर एक टीम भेजी, जिसने जाकर पेड़ कटाई का कार्य रुकवा दिया था। तहसीलदार तिमराज सिंह ने कहा कि जो कटे हुए पेड़ थे, उसकी लकड़ियां प्रधान के सुपुर्द की गई है। तहसीलदार ने बताया कि ऋचा दुबे यदि चाहे तो थाने में एफआईआर दर्ज करा सकती है।
ऋचा दुबे ने बताया कि दो साल पूर्व भी उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। उसपर कुछ दबंगों ने ट्रैक्टर चलवा दिया था। उस दौरान भी उन्होंने दौड़भाग करके किसी तरह से जमीन बचाई थी। ऋचा के मुताबिक जो कुछ पूर्व में हुआ उसमें उनकी कोई गलती नहीं थी। अब वो सिर्फ अपने बच्चों के भविष्य बनाने की जंग लड़ रही है।
कानपुर के बिकरू गांव में जुलाई 2020 में दबिश देने गई पुलिस टीम पर विकास दुबे गैंग ने हमला बोल दिया था। गैंगस्टर विकास दुबे और उसके साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। बिकरू कांड के 44 आरोपियों में 30 पर गैंगस्टर का मामला दर्ज हुआ था। बाद में विकास दुबे को भी पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था।






