
संवाददाता
कानपुर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र के कुकरी गांव में एक परिवार को लाठी-डंडों से लैस लोगों द्वारा धमकाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
यह घटना 12 फरवरी देर शाम को हुई थी। पीड़ित प्रमोद पुत्र राम सनेही ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शिवम, बबलू और उनके कुछ अन्य साथी लाठी-डंडों के साथ उनके घर के बाहर पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उन्हें डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि यह मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ एक व्यक्ति को धमकाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।





