
संवाददाता
कानपुर। चौबेपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर टैंकरों से डीजल चोरी का मामला सामने आया है। मरियानी गांव स्थित रेलवे अंडरपास के पास प्रतिदिन 4 से 5 टैंकरों से पाइपलाइन के जरिए ड्रमों में डीजल भरा जाता है, जिसे बाद में लोडर के माध्यम से सप्लाई किया जाता है। ग्रामीणों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, चौबेपुर थाना क्षेत्र के मरियानी नेशनल हाईवे और रेलवे अंडरपास के पास तड़के सुबह से ही डीजल चोरी का यह सिलसिला शुरू हो जाता है। दिनभर में कई टैंकरों से डीजल निकालकर ड्रमों में भरा जाता है। मौके पर एक लोडर भी खड़ा रहता है, जिसका उपयोग ड्रमों में भरे डीजल की आपूर्ति के लिए किया जाता है। इस डीजल चोरी के पीछे एक बड़े रैकेट का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।
गांव के निवासी हिमांशु शर्मा, राकेश, मनोज और नीलेश सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह डीजल चोरी पिछले 15 दिनों से लगातार चल रही है। उनके अनुसार, अलग-अलग कंपनियों के डीजल टैंकर यहां आते हैं और उनसे डीजल चोरी कर ड्रमों में भरा जाता है, जिसे बाद में लोडर से सप्लाई किया जाता है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि उन्हें अभी तक ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।






