March 3, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  चकेरी में टप्पे बाजों ने आईटीबीपी जवान से टप्पेबाजी की घटना को अंजाम दिया। जवान की आंखों में धूल झोंककर उसका पर्स और मोबाइल फोन पार कर दिया। उड़ीसा से लौटे सिपाही के कैम्प जाने से पहले टेम्पो में घटना घटित हुई। चकेरी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम किचिन्डा पोस्ट रानवा जिला सम्बलपर थाना गोविंदपुर उड़ीसा निवासी मिरियूस 32वीं वाहनी आईटीबीपी सरसौल में सिपाही है।
वो 18 जून को अपने घर से लौटा और वापस अपनी यूनिट में ज्वाइन करने जा रहा था। रास्ते में रामादेवी चौराहे से वो एक टेम्पो में सवार हए। जिसमें दो लोग पहले से बैठे हुए थे।
सिपाही के मुताबिक रास्ते में एक लाल रंग के बैग को हटाने के दौरान दोनों लोगों ने मिलकर उनका मोबाइल फोन और पर्स पार कर दिया। जब वो कुलगांव मोड़ पर उतरे तब इसकी जानकारी हुई।
इसके बाद सिपाही एसीपी चकेरी के ऑफिस पहुंच गया। वहां पर शिकायत करने के बाद बैग में ही सिपाही का पर्स भी मिल गया। जिसमें से कुछ नगदी के अलावा एटीएम कार्ड गायब था और लगभग 1200 रुपए पड़े हुए थे।
एसीपी चकेरी अभिषेक पाण्डेय अपने ऑफिस में इंस्पेक्टर चकेरी संतोष कुमार शुक्ला समेत अन्य के साथ बैठक कर रहे थे।
सिपाही की फरियाद सुनने के बाद उन्होंने इंस्पेक्टर चकेरी को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। जिसके बाद चकेरी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
इंस्पेक्टर चकेरी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि सिपाही के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जा रही है। मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। जल्द ही मामले में आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।