
संवाददाता
कानपुर। चकेरी पुलिस ने 8 लाख की लूट करने वाले दोनों शातिर लुटेरों के पैर में गोली मारकर दबोच लिया। शातिरों ने श्याम नगर चौकी से चंद कदम की दूरी पर तमंचे की बट मारकर जमीन बेचकर रुपए घर ले जा रहे वासिफ को लूट लिया था। पहले पुलिस मामले को दबाती रही, लेकिन सीसीटीवी में लूट की दस्तीक होने के बाद पुलिस ने दोनों लुटेरों को एनकाउंटर में दबोच लिया और प्राथमिक उपचार कराने के बाद शुक्रवार को दोनों को जेल भेजा जाएगा।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि चकेरी के अहिरवा क्षेत्र में पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो युवक रोकने पर भागने लगे, पुलिस ने घेराबंदी शुरू की तो दोनों ने सीधे फायर झोंक दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों की घेराबंदी की और मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैर में गोली मारकर दबोच लिया।
शातिर बदमाशों के पास से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों की पहचान बेकनगंज निवासी यासीन और मुजाहिद के रूप में हुई है। दोनों ने बताया कि बीती 16 फरवरी को चकेरी के श्यामनगर क्षेत्र में हुई यशोदा नगर निवासी मो. वासिद से लूट की वारदात को उन्होंने ही अंजाम दिया था।
वासिद अपनी गांव की जमीन बेचने के बाद रुपयो भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे। शातिरों ने श्याम नगर में रुपयों भरा बैग लूट लिया था। पुलिस ने दोनों बदमाशों का मुठभेड़ के बाद प्राथमिक उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल में एडमिट कराया। अब दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।
16 फरवरी की शाम को चकेरी के श्याम नगर चौकी के पास यशोदा नगर निवासी मो. वासिफ से 8 लाख की लूट हुई थी। वारदात के बाद मौके से मो. वासिद एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने लूट की वारदात को बताया। बताया, तमंचे की बट मारकर बाइक सवार बदमाशों ने रुपए भरा बैग लूट लिया गया। वह खून से लथपथ था। पुलिस ने उसका प्राथमिक उपचार कराया।
शाम साढ़े छह बजे हुई घटना के बाद रात 11:25 पर वासिद का दूसरा वीडियो सामने आया। इसमें उसने लूट की घटना को सिरे से खारिज कर दिया। कहा, बाइक सवारों से उसकी टक्कर हो गई थी। इसी के चलते मारपीट हुई जिसमें वह और उसका दोस्त घायल हो गया।
पुलिस के दबाव के चलते वह घटना से मुकर गया, लेकिन पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो वारदात की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस को लुटेरों का सुराग मिला तो गुपचुप तरीके से लूट की एफआईआर दर्ज की और उसके अगले ही दिन दोनों बदमाशों को मुठभेड़ में दबोच लिया।






