
संवाददाता
कानपुर। हनुमंत विहार में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के दौड़ाने पर चालक आलू लदा पिकअप लेकर भागने लगा। पिकअप आगे गड्ढे की चपेट में आकर फुटकर सब्जी विक्रेता पर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गए। हनुमंत विहार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
घाटमपुर, राहमपुर निवासी अनिल कुशवाहा अर्रा बिनगवां सब्जी मंडी में फुटकर सब्जी विक्रेता थे। परिवार में पत्नी गुड़िया, बेटा अभय है। छोटे भाई प्रेमचंद्र ने बताया कि अनिल साइकिल से हनुमंत विहार थानाक्षेत्र स्थित अर्रा बिनगवां स्थित सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने गए थे। वह साइकिल किनारे खड़ी कर बंदगोभी खरीद रहे थे, तभी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने आलू लदी पिकअप चालक को दौड़ाया।
पुलिस से बच कर भागे चालक ने मंडी में घुसने के लिए पिकअप दौड़ाया, जिसके बाद पिकअप का पिछला पहिया गल्लामंडी पुलिया में गड्ढे में फंस गया और पिकअप अनियंत्रित होकर अनिल पर पलट गया, जिसमे उसकी दबकर मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के फुफेरे भाई राजेंद्र ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके से भाग निकले। नौ साल पहले हादसे में बड़े भाई प्रेम नारायण की मौत भी हो गई थी।
मामले में हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के दौड़ाने की बात सरासर गलत है, हादसे के वक्त कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। पिकअप ओवरलोड था, पुलिया पर रखी पटिया टूटने की वजह से पिकप अनियंत्रित होकर पलट गया। जिस कारण हादसा हुआ है।






